Mp news: जल महोत्सव 28 नवंबर से, पहली बार ले सकेंगे फ्लाइंग बोट का रोमांच, सीएम करेंगे शुभारंभ

पर्यटकों के लिए ये अच्छी खबर है, वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों में रुचि रखने वालों की पहली पसंद बनता जा रहे मध्य प्रदेश के हनुवंतिया जल महोत्सव की तारीखों की घोषणा हो गई है। हनुवंतिया जल महोत्सव इस साल 28 नवंबर 2022 से शुरू होगा और 28 जनवरी 2023 तक चलेगा। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं मप्र टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि ‘जल महोत्सव देशभर के एडवेंचर लवर्स के लिए आदर्श गंतव्य के रूप में स्थापित हो चुका है। पर्यटन बोर्ड नित नए नवाचारों के माध्यम से पर्यटकों के उत्साह और आनंद को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहता है। इसी श्रृंखला में इंदिरा सागर बांध के बैकवाटर पर स्थित हनुवंतिया टापू पर फ्लाइंग इन्फ्लेटेबल बोट एक्टिविटी आयोजित की जा रही है। देश में पहली बार पर्यटक इस तरह की गतिविधि का आनंद लेंगे।
शुक्ला ने बताया कि टूरिज्म बोर्ड द्वारा सनसेट डेजर्ट कैम्प के साथ मिलकर इंदिरा सागर बांध के बैकवाटर पर स्थित हनुवंतिया टापू में स्थित टेस्ट सिटी का संचालन पर्यटकों के लिए किया जा रहा है। इस टेन्ट सिटी में 104 लग्ज़री स्विस टेन्ट्स के साथ साथ कॉर्पोरेट सम्मेलनों के लिए एसी सम्मेलन हॉल की सुविधा मिलेगी। केरल के प्रसिद्ध करैली समूह के द्वारा वेलनेस स्पा, राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय एंगलर्स की तीन दिवसीय एंगलिंग स्पोर्ट इवेंट, संगीत समारोह, पतंग उत्सव जैसी अनेक गतिविधियां पर्यटकों के मनोरंजन के लिए आयोजित की जाएंगी। इंदिरा सागर बांध के तट पर स्थित हनुवंतिया टापू को एक आदर्श पर्यटन स्थल विकसित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा जल महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
- जनवरी 2022 में स्पेन में इंडियाज यूनिक वाटर एंड एडवेंचर कार्निवल से सम्मानित
- 2017 में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा सबसे अनोखे नवीन पर्यटन उत्पाद वर्ष 2015-16 हेतु सम्मानित किया जा चुका है।
- जल महोत्सव 2021 के 60 दिनों के दौरान 2 लाख 40 हजार से ज्यादा लोगों ने भ्रमण किया।