MP News: तेज रफ्तार कार चालक ने गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर

ख़बर सुनें
विस्तार
भोपाल में हिट एंड रन का केस सामने आया है। गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों को कार चालक ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार बागसेवनिया थाना क्षेत्र में सिपाही राकेश मेहरा और धर्मराज मेहरा समेत चार पुलिस कर्मी गश्त पर थे। वह नारायण नगर सर्विस रोड पर खड़े होकर बात कर रहे थे। सिपाही राकेश मेहरा चार्ली वाहन पर बैठे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार पुलिसकर्मियों की तरफ आई। राकेश मेहरा कार को देखकर चार्ली वाहन से कूद गए। दो सिपाही भी इधर उधर भाग गए। लेकिन बाइक को टक्कर मारते हुए कार चालक ने धर्मराज मेहरा को चपेट में ले लिया। धर्मराज की हालत गंभीर है। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी घटना के बाद कार लेकर फरार हो गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने किराए पर कार ली थी। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। वहीं, आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना 17 सितंबर रात 12 बजे की है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें साफ दिख रहा है कि चारों पुलिस कर्मी सर्विस रोड पर खड़े होकर बात कर रहे हैं। तभी उनकी तरफ एक तेज रफ्तार कार आती है। उनको संभलने तक का मौका भी नहीं मिलता है। तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारते हुए सिपाही को चपेट में ले लेती है।