MP News: सीएम शिवराज का बड़ा ऐलान, राज्य की महिला कर्मचारियों को सात दिन अतिरिक्त छुट्टी मिलेंगी


शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
अंतरर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की महिला कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने शासकीय महिला कर्मचारियों को अतिरिक्त सात दिन की सीएल देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि महिलायें आज हर कार्यक्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर कर चल रही है। उन पर मातृत्व और घर संभलने की जिम्मेदारी है। इसलिए हमने तय किया है कि हम सभी महिला कर्मचारियों को सात दिवस का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश (सीएल) देंगे। जिसे वे अपनी आवश्यकता अनुरूप उपयोग कर सकेंगी। सीएम ने कहा कि प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं। माता, बहन और बेटियों का उत्थान ही मेरे जीवन का प्रमुख ध्येय है। मेरा मानना है कि नारी शक्ति के सशक्तिकरण में ही प्रदेश और देश का उत्थान निहित है।
महिलायें आज हर कार्यक्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर कर चल रही हैं, पर उनपर मातृत्व और घर संभालने की ज़िम्मेदारी भी है।
इसलिए हमने तय किया है कि हम सभी महिला कर्मचारियों को 7 दिवसों का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश (CL) देंगे, जिसे वे अपनी आवश्यकता अनुरूप उपयोग कर सकेंगी।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 8, 2023
स्किल ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी
सीएम ने कहा कि बालिकाओं को स्किल ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें हैंडलूम, कढ़ाई, पारंपरिक लोक कलाओं की ट्रेनिंग सम्मिलित होगी। प्रदेश की महिला हथकरघा व हस्तशिल्प कारीगरों को एनआईडी व निफ्ट संस्थानों के माध्यम से आधुनिक डिजाइनस और उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा।
वित्तीय साक्षरता का पाठ पढ़ाया जाएगा
सीएम ने कहा कि राज्य की तकनीकी शिक्षा संस्थाओं में अध्ययनरत छात्राओं को रोजगार दिलवाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। जॉब फेयर आयोजित किये जाएंगे। राज्य की तकनीकी शिक्षा संस्थाओं में अध्ययनरत छात्राओं को डिजिटल व वित्तीय लिटरेसी, अंग्रेजी कम्युनिकेशन और वर्क रेडीनेस का 60 से 80 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा।