MP Local Body Election Result: कमलनाथ के गढ़ में कांग्रेस को तगड़ा झटका, 6 निकाय में से 4 पर भाजपा का कब्जा

MP Local Body Election Result: मध्यप्रदेश के 18 जिलों की 46 नगरीय निकायों (17 नगर पालिका और 29 नगर परिषद) के चुनाव की मतगणना सुबह 9 बजे से जारी है। छिंदवाड़ा में भाजपा ने चार निकायों पर कब्जा जमा लिया है, जबकि कांग्रेस यहां सिर्फ दो निकायों पर ही अपनी सत्ता बचा सकी।
पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ में भाजपा ने निकाय चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। रोमांचक मुकाबले में सौसर नगर पालिका परिषद में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है। कांग्रेस इस परिषद में एक भी पार्षद जिताने में कामयाब नहीं रही।
पूर्व सीएम कमलनाथ, सांसद नकुल नाथ के लगातार चुनावी सभाओं के बाद भी कांग्रेस यहां हार गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना को चुनाव की जवाबदारी दी गई थी, इन सब के बावजूद कांग्रेस को यहां शर्मनाक हार का सामना करना।
इसी तरह विधायक सुनील उईके का गढ़ कहे जाने वाले जुन्नारदेव और दमुआ में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा, जबकि मोहगांव में भी भाजपा अपना परचम लहराने में कामयाब रही।